Giridih News: सावन मेले से पहले झारखंड धाम में बिजली व्यवस्था चरमराई, लो-वोल्टेज से लोग परेशान

गिरिडीह: प्रसिद्ध धार्मिक स्थल झारखंड धाम में सावन मेले की शुरुआत से पहले ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सावन माह में झारखंड के अलावा अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की उम्मीद है। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस बार धाम परिसर और आसपास के इलाकों में बिजली की भारी परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।
अवैध कनेक्शनों की भरमार और लो-वोल्टेज की मार परेशानी बढ़ा दे रही है स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि झारखंड धाम परिसर और मुख्य बाजार की कई दुकानों में धड़ल्ले से अवैध बिजली कनेक्शन चलाए जा रहे हैं। बिना मीटर और वैध कनेक्शन के भारी-भरकम बिजली उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है। इसका सीधा असर पावर ट्रांसफार्मर पर पड़ रहा है।
सावन मेला शुरू होने से पहले ही पूरा झारखंड धाम क्षेत्र भयानक लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहा है। बिजली रहने के बावजूद वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे और बल्ब भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं।सावन मेले पर मंडरा सकता है अंधेरे का साया सावन के महीने में झारखंड धाम में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ता है। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से पूरे परिसर में चौबीस घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति अनिवार्य है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग इस गंभीर समस्या को लेकर अभी भी लापरवाह बना हुआ है। यदि अवैध कनेक्शनों पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई और नया ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, तो सावन के दौरान श्रद्धालुओं को अंधेरे और भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है।स्थानीय लोगों और पुरोहितों ने कहा कि मंदिर आसपास के जगहों पर बड़ा ट्रांसफार्म लगाया जाय जिससे बिजली व्यवस्था दुरूस्त हो सके।


