Giridih News: जमुआ में झामुमो कार्यकर्ताओं ने मनाई दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि

गिरिडीह: जमुआ स्थित झामुमो प्रखंड कार्यालय में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं द्वारा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।
मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी केवल एक नेता नही, बल्कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष की मिसाल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन शोषितों, पीड़ितों और आदिवासियों- मूलवासियों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उनका जीवन दर्शन हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणापुंज है। आज उन्हें याद करते हुए हम संकल्प लेते हैं कि उनके विचारों और झारखंड के नवनिर्माण के उनके सपने को हर हाल में पूरा करेंगे।
वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि गुरुजी के लंबे संघर्ष और त्याग का ही परिणाम है कि आज झारखंड राज्य का अस्तित्व कायम है। उन्होंने हमेशा आम जनमानस की आवाज को बुलंद किया और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका हक पहुँचाने का काम किया।
उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही हम एक सशक्त और समृद्ध झारखंड का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार, राजकुमार राय, रोजन अंसारी, केदार यादव, अजय द्विवेदी, रामानंद सिंह, मो जाहिद, राजू यादव, ताहिर हुसैन, मुस्लिम अंसारी, देवंती भारती, संजय यादव, सरयू राय, भोला पासवान, मुकेश रजक, रवींद्र सिंह, मंजूर अंसारी, हरिहर तूरी, लियाकत अंसारी, पूरन किशोर, हीरो राम, कमरुद्दीन, रईस कौसर, मो जलाल अंसारी, कलाम अंसारी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


