Giridih News: स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में साइबर सेफ्टी पर संगोष्ठी, छात्रों को ऑनलाइन ठगी से

गिरिडीह के स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती में "साइबर सेफ्टी" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सह ट्रैफिक डीएसपी आर.के. राणा ने प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को OTP फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप, साइबर बुलिंग और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव के उपाय बताए।

गिरिडीह: स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, बनहत्ती में मंगलवार को “साइबर सेफ्टी” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, डेटा चोरी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सह ट्रैफिक डीएसपी आर.के. राणा थे। उनके साथ सब-इंस्पेक्टर जगरनाथ पान (बेंगाबाद थाना), साइबर इंस्पेक्टर पुनीत कुमार, गुंजन कुमार और साकेत कुमार भी उपस्थित रहे। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला, डीएलएड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर एवं अन्य प्राध्यापकों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने स्वागत भाषण में कहा कि आज के समय में डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते साइबर अपराध चिंता का विषय हैं और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।

मुख्य वक्ता आर.के. राणा ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रशिक्षुओं को OTP फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया अपराध और उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने साइबर अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद साइबर टीम के अधिकारियों ने वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि साइबर ठगी किस प्रकार होती है और ऐसी घटनाओं की शिकायत 1930 साइबर हेल्पलाइन तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से कैसे की जा सकती है।

संगोष्ठी का संचालन डॉ. राजेन्द्र प्रसाद एवं डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा ने किया। प्रश्नोत्तरी सत्र में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराधों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान किया।

कार्यक्रम में कॉलेज के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More