Giridih News: जनगणना 2027 के लिए ‘स्वयं गणना’ प्रक्रिया शुरू

गिरिडीह: भारतीय जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर “Self Enumeration” (स्वयं गणना) प्रक्रिया को बढ़ावा देने हेतु उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वयं गणना एक सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
आम नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा एक विशेष पोर्टल के माध्यम से दिनांक 01.05.2026 से 15.05.2026 तक उपलब्ध करायी जाएगी। इस अवधि में नागरिक घर बैठे ही अपनी जनगणना से संबंधित जानकारी आसानी से भर सकते हैं। उपायुक्त ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त जानकारी के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं का निर्माण करती है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का सही एवं समय पर जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आमजनों से आग्रह किया कि वे स्वयं गणना के प्रति जागरूक रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा सरकार के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। साथ ही, किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह से बचते हुए केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी प्राप्त करें। उपायुक्त ने आमजनों से आग्रह किया कि वे स्वयं गणना के प्रति जागरूक रहें, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।


