Giridih News: डीएवी सिरसिया के नन्हे विद्यार्थियों ने ग्रीन डे पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गिरिडीह: बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में मंगलवार को बाल वाटिका के विद्यार्थियों द्वारा उत्साह और उमंग के साथ ‘ग्रीन डे सेलिब्रेशन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के महत्व और प्रकृति के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर को हरे रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया। सभी नन्हे विद्यार्थियों ने हरे रंग की वेशभूषा पहनकर कार्यक्रम में भाग लिया और पौधों, वृक्षों, फल-सब्जियों तथा प्रकृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मनमोहक गीत, नृत्य, कविता-पाठ और भाषण प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “हरियाली केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार है।” उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


