साहिबगंज को मिली बिजली की नई सौगात सब-स्टेशन में लगा नया 10 एमवीए ट्रांसफार्मर

साहिबगंज: शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। रविवार को शहर के विद्युत सब-स्टेशन में लगा पुराना और महीनों से खराब पड़ा 10 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया। उसकी जगह नया 10 एमवीए ट्रांसफार्मर देर शाम तक सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।
ट्रांसफार्मर बदलने के लिए सुबह करीब 9:00 बजे से शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद युद्धस्तर पर काम शुरू हुआ। डीबीएल कंपनी के 80 टन क्षमता वाले भारी-भरकम क्रेन की मदद से नए ट्रांसफार्मर को जगह पर स्थापित किया गया। अधीक्षण अभियंता राजकुमार के निर्देशन और कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी की देख-रेख में पूरी प्रक्रिया देर शाम तक पूरी कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी ने बताया कि पुराना ट्रांसफार्मर काफी समय से खराब था, जिसकी वजह से उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही थीं। नया ट्रांसफार्मर मिलते ही उसे तुरंत लगाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब शहरवासियों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
ट्रांसफार्मर बदलने के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में रोटेशन के आधार पर बिजली दी गई। उमस भरी गर्मी में इससे लोगों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन कई क्षेत्रों में लोगों को घंटों बिजली का इंतजार भी करना पड़ा।
इस पूरे अभियान में सहायक अभियंता ज्ञानचंद, कनीय अभियंता नीलगन, ग्रामीण एसडीओ शिवम पांडे, संतोष कुमार, विशाल कुमार, परवेज अंसारी, सोहन लोहरा, इफ्तेखार अंसारी, राजकुमार तांती, पप्पू मंडल सहित कई अभियंता और कर्मी मौके पर मौजूद रहे।


