Dumka News: बीडीओ कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा
-1024x614.jpeg)
रामगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रामगढ़ कमलेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा मतदान केन्द्र संख्या 146, 147, 148 एवं 149 का निरीक्षण कर गणना चरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य का जायजा लिया तथा मतदाताओं से सीधे संवाद कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के महत्व एवं गणना प्रपत्र समय पर भरकर उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया।
उन्होंने संबंधित बी.एल.ओ. को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता गणना प्रपत्र प्राप्त करने अथवा जमा करने से वंचित न रहे तथा प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने पर्यवेक्षकों को क्षेत्र में निरंतर उपस्थित रहकर बी.एल.ओ. के कार्यों की नियमित निगरानी करने एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-प्रखंड निर्वाचन प्रभारी ब्रजेश कुमार एवं संबंधित बीएलओ पर्यवेक्षक विजय सिंह हेम्ब्रम भी उपस्थित रहे।प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, बी.एल.ओ., पर्यवेक्षकों, बी.एल.ए.-2 एवं जनसहभागिता के समन्वित प्रयासों पर निर्भर है। उन्होंने सभी से निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया।


