Dumka News: एस. पी. कॉलेज में स्नातक सत्र 2026-30 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का इंडक्शन कार्यक्रम

दुमका: संताल परगना महाविद्यालय (एस. पी. कॉलेज), दुमका में स्नातक सत्र 2026–30 के सेमेस्टर–1 में नामांकित नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए सोमवार को महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में इंडक्शन (परिचयात्मक) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. पी. यादव ने की।
अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित कक्षाओं में उपस्थिति, अनुशासन का पालन तथा अध्ययन के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020), सेमेस्टर प्रणाली, पाठ्यक्रम, परीक्षा पद्धति, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, छात्रवृत्ति, एंटी-रैगिंग नियम, छात्र सहायता सेवाओं तथा महाविद्यालय की अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों एवं उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास करना था।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति के कॉलेज समन्वयक डॉ इंद्रजीत कुमार ने विद्यार्थियों को सिलेबस, आंतरिक और बाह्य परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट स्कोर आदि को समझाया। एस पी कॉलेज की नामांकन प्रभारी डॉ अमिता हेमब्रम ने विद्यार्थियों को यूनिफार्म, कॉलेज में अनुशासन आदि की जानकारी दी। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ यदुवंश यादव ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ कुमार सौरभ द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।


