साहिबगंज: ओवरटेकिंग को लेकर ट्रक चालक और ग्रामीणों में विवाद, सड़क पर हुआ हंगामा

साहिबगंज: मिर्जाचौकी-निमगाछी सड़क पर आए दिन लगने वाले जाम को लेकर एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया। कथित ओवरटेकिंग को लेकर एक ट्रक चालक और स्थानीय ग्रामीणों के बीच तीखी नोक-झोंक और गाली-गलौज देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार, जाम से परेशान ग्रामीणों ने ओवरटेक का विरोध किया तो ट्रक चालक से उनकी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। मौके पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोग मांग कर रहे थे कि प्रशासन इस सड़क पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करे और दलालों पर कार्रवाई करे ताकि प्रत्येक दिन के जाम से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस सड़क पर रोजाना लगने वाले जाम की मुख्य वजह लोकल दलालों द्वारा ट्रकों को गलत तरीके से ओवरटेक करवाना है। इसी के विरोध में ट्रक चालक और ग्रामीण आमने-सामने आ गए।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि स्थानीय दलाल पैसों के लालच में ट्रकों को लाइन तोड़कर आगे निकालने का दबाव बनाते हैं। इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है और घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।


