जमीन विवाद में भतीजे ने की चाची की हत्या, वारदात के कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार

साहिबगंज: जमीन का विवाद कितना खतरनाक हो सकता है, इसका जीता-जागता उदाहरण गुरुवार को तीनपहाड़ के बरमसिया गांव में देखने को मिला। यहां एक भतीजे ने कुल्हाड़ी उठाकर अपनी ही चाची का कत्ल कर दिया। घटना शाम करीब 6 बजे की है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, 60 वर्षीय रासो मुनी मुर्मू, पति स्व. होपा मरांडी, घर के आंगन में खाना खा रही थीं। तभी उनका भतीजा धनु मरांडी वहां पहुंचा। बिना कुछ कहे उसने कुल्हाड़ी से सिर और कान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ रासो मुनी मौके पर ही गिर पड़ीं और दम तोड़ दिया। हमला कर आरोपी फौरन जंगल की तरफ भाग निकला। शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
गांव वालों का कहना है कि पिछले कई महीनों से रासो मुनी और धनु के बीच जमीन को लेकर तनातनी चल रही थी। रासो मुनी अपने नाती दिलीप जर्मन हेम्ब्रम के साथ रहती थीं। इसी बात को लेकर परिवार में खींचतान थी। इसी रंजिश ने गुरुवार को खून बहा दिया।
घटना की खबर मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे टीम के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेजा गया। राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए छापेमारी शुरू की। नतीजा – वारदात की रात ही आरोपी धनु मरांडी को गांव के पास से ही दबोच लिया गया। पुलिस ने उससे पूछ-ताछ के बाद जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी मृत्यंजय कुमार पांडे का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जमीनी विवाद का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस खूनी वारदात के बाद बरमसिया गांव में सन्नाटा है। हर कोई बस एक ही सवाल पूछ रहा है – क्या जमीन इंसान से बड़ी हो गई?


