साहिबगंज में जमीन विवाद में चाची की कुल्हाड़ी से हत्या, भतीजा फरार

साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया गांव में जमीन विवाद के चलते एक महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। मृतका रासो मुनी मुर्मू पर उनके भतीजे धनु मरांडी ने कथित रूप से घर में घुसकर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

साहिबगंज:  तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव में जमीन विवाद के चलते गुरुवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां भतीजे ने अपने चाची की कुल्हाड़ी से मारकर नृशंस हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बरमसिया गांव निवासी रासो मुनी मुर्मू गुरुवार शाम अपने घर में खाना खा रहीं थीं। इसी दौरान उनके पति स्व. होपा मरांडी के भतीजे धनु मरांडी अचानक घर में घुसा और कुल्हाड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में रासो मुनी मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका रासो मुनी मुर्मू और आरोपी धनु मरांडी के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रासो मुनी मुर्मू अपने देखभाल के लिए अपने नाती दिलीप जर्मन हेम्ब्रम को साथ रखती थीं। बताया जा रहा है कि यही बात धनु मरांडी को नागवार गुजरी और उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, उप निरीक्षक शाहिद अहमद खान और सहायक उप निरीक्षक उमेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

 सूचना मिलने पर राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More