Dhanbad News: उपायुक्त आदित्य रंजन की बड़ी पहल, जेएसएलपीएस ने शुरू किया ‘रेड डॉट चैलेंज’ अभियान

धनबाद: महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जिले में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) द्वारा विभिन्न प्रखंडों में रेड डॉट चैलेंज एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
सोमवार को एगारकुंड के गोपीनाथपुर, निरसा के खुसरी, टुंडी के मनियाडीह समेत कई क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी गई।
जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक सुदिप्ता बनर्जी ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को समझाया गया कि माहवारी कोई बीमारी नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन का एक सामान्य और प्राकृतिक जैविक चक्र है। इस दौरान मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने तथा इससे जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए तथा उन्हें सुरक्षित और स्वच्छ माहवारी प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। सभी प्रतिभागियों ने रेड डॉट चैलेंज के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
मुखियाओं ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। उन्होंने समाज में इस विषय पर खुलकर चर्चा करने और सकारात्मक सोच विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में जल सहिया, स्वास्थ्य सहिया, स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं और किशोरी लड़कियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह अभियान जिले के विभिन्न प्रखंडों में 3 जून तक जारी रहेगा।


