Dhanbad News: महाराष्ट्र में जयनगर के विकास महतो का आकस्मिक निधन, गांव में पसरा मातम
-1024x614.jpeg)
धनबाद: जयनगर पंचायत निवासी विकास महतो की महाराष्ट्र में कार्य के दौरान आकस्मिक मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रदेव महतो शनिवार को मृतक के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विधायक ने दिवंगत विकास महतो के परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का आग्रह करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य अकेले नहीं हैं, पूरे क्षेत्र की संवेदनाएं उनके साथ हैं। इस दौरान विधायक ने मृतक के आश्रितों की समस्याओं की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पहल करने की बात कही।
ग्रामीणों ने बताया कि विकास महतो रोजी-रोटी की तलाश में महाराष्ट्र में कार्यरत थे। कार्य के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। विधायक के साथ पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।


