Dhanbad News : राजकीय पॉलिटेक्निक में होगी मतगणना, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
-1024x614.jpeg)
धनबाद : नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुक्रवार, 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक धनबाद में शुरू होगी। मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में रखा गया है और प्रवेश केवल अधिकृत पासधारकों को ही दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मतगणना शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
धनबाद नगर निगम के महापौर एवं 55 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती 11 काउंटिंग हॉल में 117 टेबल पर की जाएगी। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष तथा 21 वार्ड पार्षदों के मतों की गिनती 4 काउंटिंग हॉल में 24 टेबल पर होगी। इस प्रकार कुल 15 काउंटिंग हॉल में 141 टेबल पर एक साथ मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर और दो सहायक तैनात रहेंगे, जबकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी वरीय पदाधिकारियों द्वारा की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार धनबाद नगर निगम के वार्ड 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 की मतगणना सबसे पहले प्रारंभ होगी। इसके बाद क्रमवार अन्य वार्डों के मतों की गिनती की जाएगी। महापौर और वार्ड पार्षद पद के मतों की गिनती समानांतर रूप से की जाएगी, जिससे परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकें। मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए अलग से मीडिया कोषांग बनाया गया है, जहां से उन्हें अधिकृत और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबांध तक आम वाहनों की आवाजाही पर 27 फरवरी को सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक रोक रहेगी। केवल मतगणना कार्य में तैनात अधिकारी-कर्मी, प्रत्याशी एवं उनके अधिकृत एजेंट को ही प्रवेश की अनुमति होगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है, ताकि मतगणना प्रक्रिया निर्विघ्न संपन्न हो सके।


