Deoghar News: बोल बम के जयघोष से गूंजा देवघर, बाबा मंदिर में जलार्पण के लिए उमड़ी कांवरियों की भीड़

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 14वें दिन मंगलवार को बाबा वैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। अहले सुबह 4:07 बजे मंदिर के गर्भगृह का पट खुलते ही कांवरियों और शिवभक्तों के लिए जलार्पण शुरू हुआ।

देवघर:  राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 14वें दिन मंगलवार अहले सुबह बाबा वैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातः 04:07 बजे मंदिर के गर्भगृह का पट खुलते ही कांवरियों और शिवभक्तों के लिए जलार्पण का क्रम शुरू हो गया। पट खुलने के साथ ही पूरा मेला क्षेत्र और रूट लाइन “बोल बम” तथा “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर बाबा धाम पहुंचे हजारों श्रद्धालु उत्साह और भक्ति भाव के साथ कतारबद्ध होकर जलार्पण के लिए आगे बढ़ते रहे। श्रद्धालुओं के चेहरों पर बाबा के दर्शन और जलार्पण की उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। रूट लाइन में लगातार शिवभक्तों का प्रवाह बना रहा।

प्रशासन की ओर से की गई व्यापक व्यवस्थाओं का असर भी देखने को मिला। कांवरिया अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर निर्धारित मार्ग से मंदिर की ओर बढ़ते रहे। अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार बीएड कॉलेज से शुरू होकर रूट लाइन के माध्यम से बाबा मंदिर तक पहुंच रही थी।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट लाइन में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, साफ-सफाई और विश्राम संबंधी सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार विभिन्न बिंदुओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्रावणी मेला के दौरान बाबा वैद्यनाथ धाम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंच रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से बाबा पर जलार्पण कर सकें तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More