Deoghar News: श्रावणी मेले में तकनीक और आस्था का संगम, लेजर शो बना आकर्षण का केंद्र

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के मनोरंजन और धार्मिक जानकारी के लिए मेला क्षेत्र में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है।
शिवगंगा सरोवर और जालसार पार्क तालाब में वाटर प्रोजेक्टर के माध्यम से विशेष लेजर शो प्रस्तुत किया जा रहा है। इस शो में बाबा बैद्यनाथ मंदिर का इतिहास, शिवलिंग की स्थापना तथा देवघर की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को आकर्षक दृश्य प्रभावों के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है।
संध्या होते ही शिवगंगा और जालसार पार्क में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर इस अलौकिक प्रस्तुति का आनंद ले रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और जल पर उभरते दृश्य श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। श्रावणी मेला में यह लेजर शो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और उन्हें बाबा धाम की गौरवशाली विरासत से भी रूबरू करा रहा है।


