Deoghar News: बर्मसिया में राशन दुकान से अवैध शराब बिक्री का पुलिस ने किया बड़ा भंडाफोड़

देवघर के नगर थाना क्षेत्र स्थित बर्मसिया में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर राशन दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने वाले नंदू महथा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से विभिन्न नामी ब्रांडों की भारी मात्रा में अवैध शराब व बीयर जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

देवघर: नगर थाना क्षेत्र के बर्मसिया में सरकारी दुकान के पास स्थित राशन दुकान से अवैध देशी-विदेशी शराब की बिक्री का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके घर से भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई है। पुलिस की कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक देवघर को सूचना मिली थी कि बर्मसिया स्थित सरकारी दुकान से सटे राशन दुकान के संचालक द्वारा अपने घर में छिपाकर अवैध शराब रखी जा रही है और चोरी-छिपे उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर थाना पुलिस की टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

पुलिस टीम बर्मसिया स्थित सरकारी दुकान के पास पहुंची तो एक व्यक्ति राशन दुकान से निकलकर भागने का प्रयास करता दिखाई दिया। सशस्त्र बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नंदू महथा, उम्र करीब 40 वर्ष, पिता अविनाश महथा, निवासी बर्मसिया, थाना नगर, जिला देवघर बताया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब की दुकान से अवैध तरीके से शराब लाकर अपने घर में रखता था और फिर उसे राशन दुकान के माध्यम से बेचता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई।

बरामद शराब में स्टर्लिंग रिजर्व बी7 180 एमएल की 10 पीस, 375 एमएल की 11 पीस, रॉयल चैलेंज 375 एमएल की 15 पीस और 180 एमएल की 17 पीस शामिल हैं। इसके अलावा रॉयल स्टैग 375 एमएल की 12 पीस, 180 एमएल की 10 पीस, आइकोनिक व्हाइट 180 एमएल की 44 पीस तथा गॉडफादर बीयर 500 एमएल की 15 पीस बरामद की गई।

मामले में नगर थाना कांड संख्या 320/26, दिनांक 18 अगस्त 2026 को धारा 274/275 बीएनएस एवं 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी रवि ठाकुर, पुलिस पदाधिकारी घनश्याम मांझी, सुमंत प्रसाद, शंकर कुमार रजक सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More