Deoghar News: MITT संस्थान की NSS इकाई ने निकाली जल संरक्षण जन-जागरूकता रैली, दिए प्रेरक संदेश

मधुपुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार तथा सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के निर्देशानुसार मधुस्थली शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (MITT), मधुपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को जल संरक्षण जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ संस्थान परिसर से हुआ, जो सलैया एवं पटवाबाद गांवों तक निकाली गई। रैली में बी.एड. एवं डी.एल.एड. के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने “जल है तो कल है”, “पानी बचाओ–जीवन बचाओ”, “हर बूंद अमूल्य है” तथा “जल संरक्षण, राष्ट्र संरक्षण” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जल बचाने का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग), जल का विवेकपूर्ण एवं संतुलित उपयोग, जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते जल संकट को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जल का सदुपयोग करे और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका निभाए।
कार्यक्रम का संचालन एवं पर्यवेक्षण राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम पदाधिकारी बीनिता श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की सफलता में एनएसएस इकाई के सदस्य सुरेश चन्द्र जायसवाल, कुंदन कुमार, सुश्री बर्नाडेट मुर्मू एवं सुश्री सहेली राय ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सभी के समन्वित प्रयासों से यह जन-जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


