Deoghar News: जसीडीह, देवघर और बासुकीनाथ में रिकॉर्ड 19.86 लाख श्रद्धालुओं का हुआ आवागमन

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत जसीडीह, देवघर, बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ में श्रावणी मेले के दौरान 19.86 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का आवागमन हुआ, जो पिछले वर्ष से 9.02% अधिक है। रेलवे ने 24 घंटे टिकटिंग, वार रूम निगरानी, 330 आरपीएफ कर्मियों की तैनाती और 13,494 बीमार यात्रियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर यात्रा को सुगम बनाया।

मधुपुर/आसनसोल: श्रावणी मेला के दौरान 30 जुलाई से 17 अगस्त तक पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के प्रमुख तीर्थस्थलों जसीडीह, देवघर, बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ में कुल 19,86,294 श्रद्धालुओं का आवागमन हुआ। यह संख्या पिछले वर्ष के 18.21 लाख की तुलना में 9.02 प्रतिशत अधिक है। जसीडीह में सर्वाधिक 12,27,836 श्रद्धालु पहुंचे। बासुकीनाथ में 37.89 प्रतिशत और देवघर में 21.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। श्रावणी सोमवार के दौरान सबसे अधिक भीड़ रही। 17 अगस्त को जसीडीह में 92,898, जबकि 10 अगस्त को बासुकीनाथ में 26,332 और देवघर में 27,318 श्रद्धालुओं का आवागमन हुआ। 

बैद्यनाथधाम में 17 अगस्त को 9,170 श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जसीडीह, देवघर, बासुकीनाथ और बैद्यनाथधाम में एटीवीएम एवं यूटीएस काउंटरों को अतिरिक्त पालियों में संचालित किया गया। जसीडीह में 10 एटीवीएम और 20 यूटीएस काउंटर समेत चारों स्थानों पर चौबीसों घंटे टिकटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई। भीड़ को देखते हुए श्रावणी मेला पंडाल क्षेत्र का विस्तार 69 हजार से बढ़ाकर 1.29 लाख वर्गफुट कर दिया गया। 

साथ ही विशेष ट्रेनों के संचालन और ट्रेनों में अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध कराकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाया गया। यात्रियों के लिए 25 नए वाटर कूलर, करीब 400 एलईडी लाइट, विस्तारित प्रतीक्षालय, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ लगाए गए। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवकों ने रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग यात्रियों को व्हीलचेयर सहायता प्रदान की। जसीडीह स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2/3 की लिफ्ट और प्लेटफॉर्म 1 का एस्केलेटर भी चौबीसों घंटे चालू रखा गया।

स्वच्छता के लिए नियमित फर्श सफाई, कीटाणुनाशक एवं ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग तथा मोबाइल बायो-टॉयलेट वैन की व्यवस्था की गई। सुरक्षा और निगरानी के लिए जसीडीह में 24 घंटे एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर तथा आसनसोल मंडल कार्यालय में वार रूम संचालित किया गया।अतिरिक्त सीसीटीवी, उद्घोषणा प्रणाली और डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से भीड़ पर नजर रखी गई। सुरक्षा व्यवस्था में 330 आरपीएफ कर्मियों सहित रेलवे सुरक्षा बल और कर्मचारियों को तैनात किया गया। 

चिकित्सा दलों ने 13,494 बीमार श्रद्धालुओं को उपचार, ओआरएस और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। इनमें जसीडीह में 6,500, देवघर में 3,146, बैद्यनाथधाम में 1,834 और बासुकीनाथ में 2,014 श्रद्धालु शामिल हैं। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यात्रीसुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत संरचना को व्यापक रूप से मजबूत किया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More