Deoghar News: उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने दीप प्रज्वलित कर कांवरिया सेवा शिविर का किया उद्घाटन

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के अवसर पर बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नेहरू पार्क पंडाल में देवघर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा निशुल्क सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। इस शिविर का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए दो टोटो एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके अलावा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा, “राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बाबा वैद्यनाथ नगरी आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सिविल सोसायटी का योगदान अत्यंत सराहनीय और महत्वपूर्ण है।” उन्होंने निस्वार्थ सेवा भाव के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को बधाई दी और उन्हें इसी तरह बेहतर कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
आगे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इस निशुल्क शिविर में शुद्ध पेयजल, शीतल शर्बत, फल और आवश्यक दवाइयों के मुफ्त वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही, आपातकालीन स्थिति में बीमार, वृद्ध या असमर्थ श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए शिविर से दो विशेष टोटो एम्बुलेंस को टैग किया गया है, जो निरंतर अपनी सेवाएं देंगी। इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, रेडक्रॉस सोसाइटी के सभी पदाधिकारी, सदस्य उपस्थित थे।


