Deoghar News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ भुवानिया ने ली समीक्षा बैठक

देवघर: स्वतंत्रता दिवस 2026 के सफल आयोजन को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने झंडोत्तोलन, परेड में शामिल होने वाली विभिन्न टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास, राष्ट्रगान के अभ्यास तथा मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को कहा गया।
उपायुक्त ने केकेएन स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
बैठक में शहर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने, वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भव्य बनाने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि समारोह पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा होगा और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।


