उर्जा विभाग की समीक्षा
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उर्जा विभाग के अधिकारियों को राजधानी में जीरो कट में हो रही देरी के कारण आज जमकर फटकारा। कहा कि उन्हें सोच-समझ कर एक टाइमलाइन देनी चाहिए था। कहा कि काम को समयबद्ध तरीके के पूरा करें। इसमें कोई कोताही बर्दाष्त नहीं होेगी। वे प्रोजेेक्ट भवन में ऊर्जा विभाग के संचरण और वितरण की समीक्षा कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि आजादी के 7 दशक बाद झारखण्ड के गांव आज बिजली से रौशन हैं। बस, अब थोड़ा सा काम रह गया है… अब गुणवत्ता के साथ जीरो कट की ओर बढ़ना है। 31 अक्टूबर तक झारखंड में बिजली के सुदृढ़ीकरण के कार्य पूरा कर लें। ट्रांसमिशन लाइन का काम पूरा होने से जहां दूर दराज के क्षेत्रों में बिजली की गुणवत्ता बढ़ेगी, वहीं शहरी क्षेत्रों में बिजली की स्थिति अच्छी होगी। जिन संवेदकों ने जो समय सीमा दी है, उस तिथि तक काम पूरा हो जाना चाहिए, अन्यथा उनकी राशि काटी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादातर संचरण लाइन का काम अंतिम चरण में है।
कहा कि संवेदकों को कोई समस्या हो, तो विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें। विभाग के अधिकारी हर 15 दिन में संवेदकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं का निराकरण करें। किसी भी हालत में डेड लाइन नहीं बढ़ेगी। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, ऊर्जा विभाग की सचिव वंदना डाडेल, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल पुरवार, वन विभाग के पीसीसीएफ शशि नंदकुलियार, संचरण लिमिटेड के निरंजन कुमार समेत विभाग के वरीय अधिकारी और संवेदक मौजूद थे।