साहिबगंज में ‘मौत का मकान’ बना उत्पाद कार्यालय, कभी भी ढह सकता है जर्जर भवन

साहिबगंज: जैप- 9 के बगल में स्थित अधीक्षक उत्पाद कार्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें, छत से टूटकर गिरता प्लास्टर और कभी भी ढहने का डर – इसी माहौल में अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग अपने काम निपटाने को मजबूर हैं।
भवन की हालत इतनी खराब है कि जगह-जगह दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। छत का प्लास्टर अपने आप टूटकर गिर रहा है। एक बारगी ऐसा लगता है जैसे भवन किसी भी वक्त जमीन पर आ गिरेगा। इस कार्यालय में रोजाना दर्जनों लोग सरकारी काम से आते हैं। साथ ही उत्पाद विभाग के तमाम जरूरी सरकारी अभिलेख और दस्तावेज भी यहीं रखे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि हम डर के साये में काम करते हैं। कब क्या हो जाए कोई भरोसा नहीं।
उत्पाद अधीक्षक रजनीश कुमार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी विभाग को पहले ही दे दी गई है। नए भवन के निर्माण के लिए मुख्यालय को औपचारिक प्रस्ताव भेजा जा चुका है और प्रशासनिक स्वीकृति मांगी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही मुख्यालय से आदेश और स्वीकृति मिलती है, नए भवन का निर्माण तुरंत शुरू कर दिया जाएगा। तब तक हम लगातार मुख्यालय के संपर्क में हैं ताकि मंजूरी जल्द मिल सके।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की मांग है कि जान-माल के नुकसान से पहले ही विभाग वैकल्पिक व्यवस्था करे। क्योंकि एक हादसा न सिर्फ कई जिंदगियों को लील सकता है, बल्कि जरूरी सरकारी कागजात भी नष्ट हो सकते हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस “मौत के मकान” को कब तक चलने देता है और नए भवन की फाइल को कब तक हरी झंडी मिलती है।


