विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्लॉक-2 क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण की दिलाई गई शपथ

धनबाद: विश्व पर्यावरण सप्ताह (01-05 जून) के अंतिम दिन, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण विभाग, ब्लॉक-2 क्षेत्र, बीसीसीएल द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम महाप्रबंधक कार्यालय, ब्लॉक-2 क्षेत्र के सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच पर्यावरणीय शपथ दिलाई गई तथा मिट्टी से निर्मित पानी की बोतलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक-2 क्षेत्र के महाप्रबंधक कुमार रंजीव ने पर्यावरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। साथ ही लोगों से प्रकृति-अनुकूल दिनचर्या अपनाने की अपील की। मौके पर उपस्थित क्षेत्र के अपर महाप्रबंधक पी.एस.के. सिन्हा ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं को सबके समक्ष रखा।
तत्पश्चात हरिना स्थित नेहरू नगर आवासीय परिसर अंतर्गत पुनरुद्धारित हरिना उद्यान का औपचारिक उद्घाटन ब्लॉक-2 क्षेत्र में सक्रिय त्रिशक्ति महिला समिति की अध्यक्षा विनीता सिन्हा के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इसके बाद उद्यान में कई फलदार एवं अन्य शोभनीय पौधे लगाए गए।
महिला समिति की सदस्यों सहित कई अधिकारियों, कर्मचारियों, कॉलोनी निवासियों एवं अन्य आगंतुकों ने वृक्षारोपण में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इसके पश्चात विगत दिनों में आयोजित पर्यावरण विषयक निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पारितोषिक एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय प्रबंधक (पर्यावरण) उत्तम कुमार झा ने 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से आरंभ हो रहे देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” की चर्चा की तथा लोगों से इस वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।


