मुहल्ले के नाम पर विवाद
रामगढ़: छावनी परिषद के अंतर्गत वार्ड नंबर 6 के जारा टोला में एक नया विवाद उभरा कर सामने आया है। रामगढ़ कॉलेज के पीछे शिवपुरी, जारा टोला है। हाल के दिनों में ही कुछ मुहल्लेवासियों ने नाम पर आपत्ति जतायी है। इनका कहना है कि यहां उनके बिरादरी के लोग ज्यादा है, इसलिए उसी आधार पर ना सिर्फ नामांकरण होना चाहिए, बल्कि बोर्ड भी लगेगा। इस बाबत शिवपुरी का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप सिंह व मुख्य अधिशासी अधिकारी सपन कुमार से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से अपनी परेशानियों को साझा करते हुए कहा कि ऐसे हालात में सदभावना बिगड़ने का खतरा है। मुख्य अधिशासी अधिकारी सपन कुमार ने कहा कि कॉलोनी का नाम छावनी परिषद के सदस्यों द्वारा ही पास किया जाता है। बगैर उनकी अनुमति के कोई भी व्यक्ति अगर किसी नाम का बोर्ड लगाता है तो उस पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वार्ड नंबर 6 के भूतपूर्व सदस्य रविकांत कुशवाहा ने कहा है कि कॉलोनी को कई सालों से शिवपुरी के नाम से ही जाना जाता है। उनके पास जब भी कोई आधार कार्ड या फिर अन्य दस्तावेज बनवाने हेतु आता था तो वे शिवपुरी के नाम से ही अनुशंसा करते थे। उसके बावजूद विवाद क्यों उत्पन्न हो रहा है ? ये पता नहीं।
वर्षों से शिवपुरी में रहने वाले लोगों ने भी इस बाबत आपत्ति जताई है। इनका कहना है कि वार्ड नंबर 6 की वार्ड सदस्य पुरनी देवी के एक पत्र द्वारा बताया था कि यह शिवपुरी कॉलोनी है व इसी आधार पर सभी सरकारी दस्तावेजों में इसी नाम का प्रयोग होता है। सभी पत्राचार इसी नाम से किए जाते हैं। लोगों ने कहा कि जो बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं, उनकी पहचान भी शिवपुरी कॉलोनी जारा टोला के नाम से बने हैं। लोगों का कहना है कि अभी इस मामले को चुनाव को देखते हुए उठाया जा रहा है।