मुख्ममंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद एएसआइ चंद्राय सोरेन को दी श्रद्धांजलि

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन को श्रद्धांजलि दी है. मुख्यमंत्री उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए जैप वन मैदान पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए.
जैप वन में सहायक अवर निरीक्षक चंद्र राय सोरेन जी की साहिबगंज में मुठभेड़ के पश्चात ईलाज के दौरान मृत्यु हो गयी। आज स्व सोरेन जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
परमात्मा सोरेन जी की आत्मा को शांति प्रदान कर परिवार को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे pic.twitter.com/JNbv1kvnPd— Hemant Soren (घर में रहें – सुरक्षित रहें) (@HemantSorenJMM) July 19, 2020
इस दौरान मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि मुठभेड़ में सहायक अवर निरीक्षक चंद्राय सोरेन शहीद हो गए. यह दुःखद घटना है. दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है. शहीद का मान-सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने शहीद की धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता सोरेन से मिलकर संवेदना प्रकट करते हुए सांत्वना दी.
मालूम हो कि 27 जून को साहिबगंज के बरहेट थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक चन्द्राय सोरेन अपहृत अनाज व्यवसायी अरुण शाह को अपराधियों से मुक्त करने के क्रम में हुई मुठभेड़ में घायल हो गए थे. उनके पेट में गोली लगी थी. रांची स्थित मेडिका अस्पताल में उनका इलाज हो रहा था. इस क्रम में रविवार सुबह उनकी मौत हो गई. शहीद सोरेन अपने पीछे एक पुत्र विवेक सोरेन (8 वर्ष) एवं एक पुत्री ज्योत्सना सोरेन (3 वर्ष) छोड़ गए.
जैप वन मैदान में शहीद चंद्राय सोरेन को अपर मुख्य सचिव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग एल खियांग्ते, पुलिस महानिदेशक एमवी राव व पुलिस के अन्य अधिकारियों ने श्रद्धांजलि दी.


