शराब घोटाले पर सियासी घमासान: बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, CBI जांच की मांग

रांची: झारखंड में चर्चित शराब घोटाले को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सरकार की मंशा और जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मरांडी ने आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार के इतने गंभीर मामले में सरकार ने जानबूझकर तीन महीने तक चार्जशीट दाखिल नहीं की, जिसके कारण एक-एक कर आरोपी जमानत पर छूटते चले गए। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि सरकार निष्पक्ष जांच नहीं, बल्कि जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी दावा किया कि एसीबी द्वारा पूछताछ के दौरान अधिकारियों की रिकॉर्डिंग तक नहीं की गई। इससे बयान में हेरफेर की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सब मुख्यमंत्री की जानकारी में हो रहा है या अधिकारी अपनी मर्जी से इतना बड़ा खेल खेल रहे हैं।
मरांडी ने अपने पत्र में इस घोटाले को छत्तीसगढ़ शराब सिंडिकेट से जुड़ा बताते हुए कहा कि रायपुर से दिल्ली तक फैले माफियाओं को बचाने की साजिश रची जा रही है। आरोप है कि कुछ अधिकारियों ने बड़ी “डील” कर समय पर चार्जशीट दाखिल न करके आरोपियों को बेल दिलाने का रास्ता साफ किया।
पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधी चेतावनी दी है कि यदि यह सब उनकी जानकारी में हो रहा है तो वे भी जिम्मेदार हैं, और यदि नहीं, तो उन्हें तुरंत संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि जांच की आंच खुद उन तक न पहुंचे।
मरांडी ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए एसीबी जांच को महज “दिखावा” करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार असली दोषियों को बचाने में जुटी है। मरांडी का यह पत्र झारखंड की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचाने वाला साबित हो सकता है।
बाबूलाल मरांडी द्वारा लिखा गया पत्र
https://samridhjharkhand.com/media/2025-08/letter.-(2).pdf


