डूरंड कप 2026: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को उद्घाटन समारोह का मिला निमंत्रण

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा सेना के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया गया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-23 आईबीजी मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश शामिल थे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि डूरंड कप का 135वां संस्करण 26 जुलाई 2026 से रांची में शुरू होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।
गौरतलब है कि डूरंड कप देश का सबसे प्रतिष्ठित और सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। रांची में इसके आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और राज्य सरकार तथा सेना की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।


