Bokaro News: गरीबी से तंग आकर युवक ने कुंआ में कूदकर दी जान

बोकारो: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्टेशन रोड स्थित भीड़भाड़ वाले बोल बम भंडार के पास एक युवक ने दिनदहाड़े कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नशे की हालत में वहां पहुंचा, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गरीबी से तंग आकर उसने बिना किसी से कुछ कहे अचानक कुएं में छलांग लगा दिया। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे रोकने और बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी और जबरदस्ती कुएं में कूद गया। यह पूरी घटना कुछ ही पलों में घटित हो गई।
मृतक की पहचान प्रेम नगर, चंद्रपुरा निवासी शंकर रविदास के 23 वर्षीय पुत्र विकास रविदास के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विकास कचरा चुनने का काम करता था और अक्सर घर से बाहर ही रहता था।घटना के दिन वह दोपहर में घर आया और थोड़ी देर बाद ही वापस निकल गया। बताया गया कि वह अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत चंद्रपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को कुएं से बाहर निकालकर उसे तुरंत डीवीसी अस्पताल चंद्रपुरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक नशे का आदी था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दुख का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने एक बार फिर समाज में नशे की बढ़ती समस्या और उसके दुष्परिणामों को उजागर कर दिया है। युवक की मौत से काफी प्रश्न खड़ा हो रहा है। आखिर पुलिस प्रशासन के जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।


