Bokaro News: बीएसएल में महिला संविदा कर्मियों के लिए ‘निष्ठा’ कार्यशाला का आयोजन

बोकारो: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अंतर्गत निष्ठा पहल के माध्यम से 7 मार्च को अधिशासी निदेशक (संकार्य) सेमिनार हॉल में महिला संविदा कर्मियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संयंत्र के विभिन्न विभागों से कुल 141 महिला संविदा कर्मियों ने भाग लिया।कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इनमें कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम, विशाखा दिशा-निर्देश, पोश समिति की भूमिका एवं कार्यप्रणाली, तथा संविदा श्रम प्रबंधन से जुड़े प्रावधानों जैसे विषय शामिल थे। सत्र के दौरान प्रतिभागियों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस कार्यशाला के सफल आयोजन में संयंत्र के विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक तथा विभागाध्यक्ष का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके द्वारा विभिन्न विभागों से महिला संविदा कर्मियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हुई। उल्लेखनीय है कि ‘निष्ठा’ पहल के माध्यम से बोकारो इस्पात संयंत्र एक सुरक्षित, समावेशी एवं गरिमापूर्ण कार्यस्थल के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ कर रहा है तथा महिलाओं की सक्रिय एवं सशक्त भागीदारी को प्रोत्साहित कर रहा है।


