Bokaro News: चास सदर एएसपी वेदांत शंकर के नेतृत्व में गठित टीम ने दबोचे 6 शातिर चोर

बोकारो: चास थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह घर की खिड़की तोड़कर जेवरात, नकदी और मोबाइल सहित महंगे सामन उड़ा लिया करता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सामान भी बरामद किया हैं। प्रेस वार्ता में चास सदर सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास भी रहा है।22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त की रात चास थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इन घटनाओं को लेकर चास थाना में मामला दर्ज किया गया था।घटनाओं के उद्भेदन के लिए बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चास सदर सहायक पुलिस अधीक्षक,वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था इसी विशेष टीम को यह सफलता हाथ लगी है। सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर ने बताया कि मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पाण्डेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल के रूप में हुई है। सभी आरोपी चास थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। इधर चास एसपी वेदांत शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनकी निशानदेही पर सात मोबाइल फोन, सोने जैसे धातु के सात कंगन, करीब 3.50 ग्राम गला हुआ सोने जैसा धातु, एक लोहे का चापड़, छोटा तौलने का मशीन और पांच रुपये के 12 नोट बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा के खिलाफ चास थाना में वर्ष 2021 में चोरी और सेंधमारी से संबंधित दो मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इन घटनाओं के अलावा गिरोह ने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं। बरामद सामानों की पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रिया जारी है। फिलहाल छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में इसे अहम सफलता बताया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


