Bokaro News: रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल ने स्टेट टॉपर छोटी को किया सम्मानित

कसमार: खैराचातर स्थित रणविजय मेमोरियल संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें इंटर आर्ट्स की स्टेट टॉपर छोटी कुमारी सहित विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुखिया रामसेवक जायसवाल, विद्यालय की प्राचार्या विभा पांडेय एवं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न तथा सम्मान राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार की ओर से स्टेट टॉपर छोटी कुमारी को विशेष सम्मान राशि भी भेंट की गई।
इस अवसर पर जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें सीमा कुमारी ने 448 अंक प्राप्त कर जिला टॉप थ्री में स्थान बनाया, जबकि खुशी प्रवीण ने 443 अंक हासिल कर जिला टॉप फाइव में जगह बनाई। वहीं विज्ञान संकाय के छात्र सरुण कुमार महतो ने 457 अंक प्राप्त कर जिला टॉप टेन में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामसेवक जायसवाल ने कहा कि छोटी कुमारी एवं अन्य विद्यार्थियों की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्राचार्या विभा पांडेय ने कहा कि सफलता परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व का क्षण है कि सम्मानित विद्यार्थियों में सीमा कुमारी इसी विद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। समारोह में विष्णु कुमार जायसवाल, कुमारी मिठू, राजीव कुमार, सरिता कुमारी, अब्दुल शाहीद अंसारी, छोटेलाल ठाकुर, सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दीपक सवाल ने किया।


