Bokaro News: अवैध कोयला खनन पर छापेमारी, संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर बंद कराया स्थल

बेरमो: जिला के बेरमो प्रखंड क्षेत्र में अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बोकारो और करगली क्षेत्र के खासमहल एरिया स्थित फेज-2 के जंगल क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कोयला खनन किया जा रहा था। बताया जाता है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा रही थीं, बल्कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न कर रही थीं। साथ ही इससे सीसीएल को राजस्व की भारी क्षति हो रही थी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ ने तत्परता दिखाते हुए मामले को सीसीएल प्रबंधन के संज्ञान में लाया।
इसके बाद सीसीएल प्रबंधन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अवैध खनन स्थल को बंद करा दिया। इस संयुक्त अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारी, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट के.वी.ए. श्रीधर, गांधीनगर थाना एवं बीटीपीए थाना की पुलिस टीम, खासमहल के परियोजना पदाधिकारी (पीओ) सत्येंद्र सिंह, निरीक्षक शिला रेजिना टोपो, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, प्रधान आरक्षक एस.के. खरवार, क्यूआरटी टीम तथा सीसीएल गार्ड जटलू महतो अपनी टीम के साथ मौजूद थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


