Bokaro News: उपायुक्त का बड़ा एक्शन, जनता दरबार में शिकायत के चंद घंटों के भीतर महिला को मिला पति का मृत्यु प्रमाण पत्र

बोकारो: समाहरणालय सभागार में आयोजित हम आपको सुनते हैं कार्यक्रम जनता दरबार में शुक्रवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति एवं नगर प्रशासन से जुड़े मामलों पर सुनवाई की गई।
चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत घटियाली पूर्वी निवासी लक्ष्मी देवी ने जनता दरबार में अपने पति स्व. विनोद कालिंदी के मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उनके पति का निधन हो गया था तथा पंचायत कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद छह माह बाद भी प्रमाण पत्र नहीं बनाया गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
उपायुक्त के निर्देश पर पंचायती राज पदाधिकारी ने पहल करते हुए चंद घंटों के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर लाभुक को सौंप दिया। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित पंचायत सचिव को फटकार भी लगाई गई।कार्यक्रम में चंदनकियारी प्रखंड के भोजुडीह-नापित टोला निवासी दिव्यांग निमाई परवीन भी पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के विद्यालय की मरम्मति कराने का अनुरोध उपायुक्त से किया। उपायुक्त ने उनकी सामाजिक सोच एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार की पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने मौके पर ही विद्यालय मरम्मति को लेकर कार्रवाई करने का संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। जनता दरबार में चास, नावाडीह, चंदनकियारी, जरीडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


