Bokaro News: ओएनजीसी ने अमलाबाद में सीएसआर के तहत लगाया निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर

बोकारो: ओएनजीसी सीबीएम परिसंपत्ति के सीएसआर के तहत अमलाबाद में निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन पंचायत सचिवालय अमलाबाद में किया गया। ज्ञात हो कि ओएनजीसी अपने सीएसआर के तहत 18 जुलाई को सामुदायिक भवन पड़ुवा भाव मेला एवं 19 जुलाई को शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक कुलटांड में भी निःशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन का शिविर आयोजित करेगी उक्त शिविर का आयोजन अनुग्रह दृष्टिदान,दिल्ली एवं अग्रवाल लेजर एंड इंप्लांट सेंटर,बोकारो के सहयोग से किया गया।
शिविर के आयोजन का मुख्य लक्ष्य गरीब ग्रामीण परिवारों के लोगों का आँखों से संबंधित विभिन्न रोगों का जांच एवं ऑपरेशन के साथ –साथ बीपी एवं शुगर का भी जांच कर बेहतर स्वास्थ्य हेतु जागरूक करना रहा। इस शिविर में हजारों की संख्या में ग्रामीणों का नेत्र एवं बीपी,शुगर का परीक्षण किया गया एवं उचित दवा ,चश्मा एवं मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का ऑपरेशन किया गया।
इस अवसर पर अमलाबाद थाना प्रभारी कौशलेन्द्र कुमार एवं चन्दनकियारी थाना प्रभारी अमित राय ने जांच शिविर का निरीक्षण किया एवं जांच में भाग भी लिया एवं ओएनजीसी का लोगों के प्रति सामाजिक ज़िम्मेदारी का बेहतरीन निर्वहन करने हेतु ओएनजीसी का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर ओएनजीसी के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे,जिसमें दयानन्द कालुंदिया –प्रमुख –मानव संसाधन, अनिता यादव-परिसंपत्ति सपोर्ट प्रबन्धक, डॉली कुमारी-प्रभारी-सीएसआर, विकास चंद्र सिंह-प्रमुख-कूप सेवाएँ, अजय कुमार दास-प्रभारी-सीसी, अभिनव कुमार-प्रोजेक्ट मैनेजर झरिया , अनोखेलाल-प्रबन्धक-मानव संसाधन, आशीष यादव-प्रभारी-चिकित्सा, डॉ शशांक शेखर-चिकित्साधिकारी के अलावा अमलाबाद के जनप्रतिनिधि मुखिया अजय रजवार एवं समाजसेवी पृथ्वी सिंह भी उपस्थित रहे। अमलाबाद में ओएनजीसी के सीएसआर के तहत कार्यान्वयित परियोजना का निरीक्षण अमलाबाद थाना प्रभारी- कौशेलेंद्र कुमार ने ओएनजीसी के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से किया।
थाना प्रभारी ने ओएनजीसी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि-ओएनजीसी ने अमलाबाद में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण में बेहतरीन कार्य किया है। थाना प्रभारी ने विभिन्न विद्यालयों के निरीक्षण करते वक्त छात्र-छात्राओं हेतु नव-निर्मित शौचालय को देखकर प्रभावित हुए एवं कहा कि इस पहल से विद्यालय में छात्र-छात्रों की उपस्थिति बढ़ेगी एवं विशेषकर शौचालय के अभाव में छात्राओं की बीच में ही पढ़ाई छोडने की समस्या दूर होगी।


