Bokaro News: नक्सल मुक्त अभियान के नायक वशिष्ठ नारायण सिंह को तेनुघाट में दी गई यादगार विदाई

बोकारो: बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह के स्थानांतरण तथा नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह के पदस्थापन के उपलक्ष्य में तेनुघाट अतिथि भवन में स्वागत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, सब-रजिस्ट्रार बेरमो रितु रंजन सहित अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी के साथ दर्जनों पत्रकार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पूर्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह के 33 महीने के कार्यकाल की लोगों ने काफी सराहना की। उनके कार्यकाल में पुलिस विभाग को कई बड़ी सफलताएं मिलीं। झुमरा पहाड़ में नक्सलवाद की समस्या से निपटने में उनके अनुभव का काफी लाभ मिला। उनके नेतृत्व में झुमरा एवं लूगू पहाड़ क्षेत्र में नक्सल मुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें सफलता भी हासिल हुई।
अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ ने उनके साथ किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह के अनुभव और कार्यकुशलता का लाभ विधि-व्यवस्था सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगातार मिलता रहा। उन्होंने कहा कि होली, दुर्गा पूजा, दीपावली, ईद, बकरीद और चुनाव जैसे अवसरों पर सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने का उनका अनुभव काबिल-ए-तारीफ रहा है।
समारोह में सभी अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।
नव पदस्थापित एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि वे और वशिष्ठ नारायण सिंह एक ही बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि वे पहले से ही उनकी कार्यशैली की प्रशंसा सुनते आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में वशिष्ठ नारायण सिंह को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वे उनके मार्गदर्शन पर चलने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
समारोह के दौरान गीत-संगीत का भी आयोजन किया गया, जिसका सभी अधिकारियों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुआ, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र सिंह, पुलिस निरीक्षक, पत्रकार नरेश प्रसाद श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस निरीक्षकों, थाना प्रभारियों एवं अन्य अधिकारियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए वशिष्ठ नारायण सिंह के कार्यों की सराहना की।


