Bokaro News: एसडीपीओ की पुलिसिंग क्लास: “जनता से करें मधुर व्यवहार, लापरवाही पर होगी कार्रवाई”

पुलिस मुख्यालय रांची के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ बी.एन. सिंह ने दुग्धा, चंद्रपुरा और बोकारो झरिया ओपी में समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने, व्यवस्थित यूनिफॉर्म पहनने और डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का सख्त निर्देश दिया।
गोमिया: पुलिस मुख्यालय राँची और बोकारो पुलिस अधीक्षक के आदेश के आलोक में दुग्धा थाना, बोकारो झरिया ओपी तथा चंद्रपुरा थाना में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारी, कर्मी और थाना मुंशी को निर्देश दिया गया कि थाने में आने वाले फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें और यूनिफॉर्म व्यवस्थित तरीके से पहनें। ओ डी ऑफिसर को अपने कार्यों का निष्पादन विधि के अनुसार करने को कहा गया।
बेरमो एसडीपीओ बी एन सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी गाँव-गाँव जाकर लोगों की समस्या सुनें। यदि मामला किसी अन्य विभाग से संबंधित हो तो संबंधित विभाग को निराकरण हेतु पत्र भेजें। साथ ही कनीय पुलिसकर्मियों को डिजिटल जागरूकता के बारे में अवगत कराते हुए सचेत किया गया कि कोई भी साक्ष्य को प्रभावित करने के लिए डिजिटल माध्यम का दुरूपयोग न करे।


