Bokaro News: जैप-4 शूटिंग प्रतियोगिता: उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल देकर किया गया सम्मानित

बोकारो: सोमवार को जैप-4 ग्राउंड परिसर में आयोजित 23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा एवं उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार भी उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।मौके पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन एवं समापन कराने के लिए संगठन सचिव सह समादेष्टा ऋषव कुमार झा एवं उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। उन्होंने प्रतियोगिता में सफल सभी विजेताओं के साथ-साथ भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी बधाई दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता की सफलता सभी के सामूहिक सहयोग एवं प्रयास से संभव होती है। एक गोली और एक जीवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शूटिंग केवल लक्ष्य पर निशाना लगाने तक सीमित नहीं है। इसके लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन, एकाग्रता और कड़ी मेहनत जरूरी है। आज सम्मानित हुए विजेताओं की सफलता उनके निरंतर परिश्रम एवं अभ्यास का परिणाम है।अपने संबोधन में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना अपने आप में महत्वपूर्ण है। विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी बधाई के पात्र हैं। प्रतियोगिता में उनकी भागीदारी मानसिक दृढ़ता, शारीरिक मजबूती और निरंतर परिश्रम को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में महिला प्रतिभागियों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। अगली प्रतियोगिता में अधिक संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा है।उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आता है और लगातार ड्यूटी की एकरसता भी दूर होती है। साथ ही, ऐसे आयोजनों के माध्यम से फिटनेस का नियमित आकलन भी होता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान कानून-व्यवस्था की परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों का 24 घंटे शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहना आवश्यक है।
पुलिसकर्मियों को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहना होता है। पुलिस के हाथ में मौजूद हथियार आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों से निपटने के लिए हैं। ऐसे में फिटनेस के साथ जिम्मेदारी और अनुशासन भी बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने स्वास्थ्य एवं फिटनेस का ध्यान रखने तथा स्वयं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखने का आह्वान किया।


