साहिबगंज पेंशन घोटाला: दो कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, 20 हजार दस्तावेज जब्त

साहिबगंज के बोरियो-बरहेट पेंशन घोटाला मामले में पुलिस ने दो कंप्यूटर ऑपरेटरों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान करीब 20 हजार आवेदन पत्र, कंप्यूटर और भुगतान संबंधी दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

साहिबगंज: जिले के बोरियो और बरहेट प्रखंड में सामने आए कथित पेंशन घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कंप्यूटर ऑपरेटरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बोरियो प्रखंड का शशि कुमार उर्फ मुन्ना और बरहेट प्रखंड का राहुल कुमार शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि बोरियो एवं बरहेट के प्रखंड विकास पदाधिकारियों की शिकायत पर दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस और प्रशासनिक टीम ने प्रखंड कार्यालयों से बड़ी मात्रा में दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

जांच के दौरान अधिकारियों ने लगभग 20 हजार आवेदन पत्र, कंप्यूटर सिस्टम, भुगतान रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि कार्रवाई देर रात तक चली और जब्त सामग्री की गहन जांच की जा रही है।

घोटाले की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन भुगतान पर अस्थायी रोक लगा दी है। इससे जिले के हजारों वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों की चिंता बढ़ गई है। उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के निर्देश पर उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा अब पूरे जिले के सभी नौ प्रखंडों तक बढ़ा दिया गया है। पेंशन लाभुकों के आवेदन, बैंक खातों और भुगतान रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं फर्जी लाभुकों के नाम पर पेंशन राशि का भुगतान तो नहीं किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और जब्त दस्तावेजों व डिजिटल डेटा की जांच के बाद कई और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More