Accident News: उत्तराखंड में खाई में गिरी कार, पांच लोगों की मौत, एक लापता

पौड़ी: पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुण्डाधार के समीप डंपिंग जोन के पास शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, कार में सवार एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की आशंका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही हैं।
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर हुआ हादसा
आपदा नियंत्रण कक्ष पौड़ी के अनुसार, कार में कुल सात लोग सवार बताए गए हैं। दुर्घटना के बाद पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए बागी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल को श्रीनगर अस्पताल भेजा गया है।
एक व्यक्ति की तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
कार में सात लोगों के सवार होने की जानकारी के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें एक अन्य व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं। टीम आसपास के क्षेत्र और खाई में सर्च अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय वाहन में वास्तव में कितने लोग सवार थे।
मृतक हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के रहने वाले
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग हरिद्वार जिले के लक्सर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया गया है कि वे किसी काम से पौड़ी आ रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
112 पर सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस टीम
एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना देवप्रयाग को पौड़ी मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वाहन किस वजह से अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


