800 करोड़ के घोटाले में ईडी की छापेमारी, रांची से कोलकाता तक हड़कंप

रांची: झारखंड में, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 800 करोड़ रुपये से ज़्यादा के जीएसटी घोटाले की जाँच के सिलसिले में कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है. ये छापेमारी रांची, सरायकेला और कोलकाता में की गई है.
अब तक की कार्रवाई
इस मामले में, ED ने पहले कोलकाता के कारोबारी शिवकुमार देवड़ा, जमशेदपुर के विक्की भालोटिया (जिन्हें अमित अग्रवाल भी कहा जाता है), कोलकाता के कारोबारी अमित गुप्ता, और मोहित देवड़ा को गिरफ्तार किया था. ये सभी आरोपी फिलहाल रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं.
ED ने इन आरोपियों की कागजी कंपनियों से जुड़े 10 बैंक खातों में जमा 60 लाख रुपये भी जब्त किए थे. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद ED को इस घोटाले में और भी लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर अब दूसरे दौर की छापेमारी शुरू की गई है.
रांची में ईडी अलग-अलग जगहों पर कर रही तलाशी
रांची में भी ईडी की टीम एक साथ छह अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी करने पहुंची है. ईडी की एक टीम पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट के अलावा अन्य पांच जगहों की तलाशी ले रही है. सूत्रों के मुताबिक, इस घोटाले में फर्जी बिल बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत फायदा उठाया गया था. इन छापों में, ED वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज़, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सबूत तलाश रही है.


