हिंदू राष्ट्रसंघ 5 अगस्त को मनाएगा छठा स्थापना दिवस, फहरेगा 20 फीट भगवा ध्वज
-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: हिंदू राष्ट्रसंघ के छठे स्थापना दिवस को लेकर सोमवार को बुढ़वा महादेव मंदिर परिसर में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण केशरी ने की। बैठक की शुरुआत जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुई, जिसमें स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष शशि भूषण केशरी ने बताया कि आगामी 5 अगस्त को संगठन अपना छठा स्थापना दिवस उत्साह एवं धार्मिक वातावरण में मनाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे बुढ़वा महादेव मंदिर परिसर में बेल वृक्ष के पौधारोपण के साथ होगी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सिलवार पहाड़ के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां हिंदू राष्ट्रसंघ की ओर से 20 फीट ऊंचा भगवा ध्वज फहराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ध्वजारोहण के उपरांत श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच भोग-प्रसाद एवं खिचड़ी का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है।
शशि भूषण केशरी ने जिले के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, युवाओं एवं संगठन के कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया और आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।


