बलोचिस्तान में डिप्टी कमिश्नर समेत चार की हत्या, नुश्की में 31 जुलाई तक बढ़ाया गया कर्फ्यू

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान में हिंसा की एक और बड़ी घटना सामने आई है। हथियारबंद लोगों ने बरखान जिले के डिप्टी कमिश्नर मुरीद बुगती समेत चार लोगों की हत्या कर दी। वहीं बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रांतीय सरकार ने नुश्की जिले में लागू कर्फ्यू को 31 जुलाई तक बढ़ा दिया है।
नाकाबंदी के दौरान डिप्टी कमिश्नर का किया अपहरण
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हथियारबंद लोगों ने बरखान जिले के घाटा चौक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान डिप्टी कमिश्नर मुरीद बुगती और उनके बॉडीगार्ड्स को अपने साथ ले जाया गया। बाद में उनकी हत्या कर दी गई। बलोचिस्तान सरकार के गृह विभाग के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की है।
तुर्बत में भी तीन लोगों की गोली मारकर हत्या
इसी दिन तुर्बत के दारमकोल पेडरक इलाके में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान शाह बेग, अमानुल्लाह और अल्ताफ हुसैन के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि ये संघीय सरकार समर्थित डेथ स्क्वायड से जुड़े थे। फिलहाल किसी भी संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है।
नुश्की में 31 जुलाई तक रहेगा कर्फ्यू
बलोचिस्तान के गृह विभाग ने कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए नुश्की जिले में कर्फ्यू 31 जुलाई तक बढ़ाने का आदेश जारी किया है। कर्फ्यू के दौरान बिना अनुमति घर से बाहर निकलने, सार्वजनिक रूप से एकत्र होने, जुलूस निकालने और गैर-जरूरी यात्रा पर रोक रहेगी। मेडिकल, राहत एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को प्रशासन की अनुमति से छूट दी जाएगी।
फ्रंटियर कॉर्प्स पोस्ट पर हमले के बाद तनाव
सरकारी अधिसूचना के अनुसार, 28 जुलाई को नुश्की के वेस्टर्न बाईपास स्थित फ्रंटियर कॉर्प्स पोस्ट पर हुए हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि हालात सामान्य होने तक कर्फ्यू जारी रहेगा।




