आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को शैक्षणिक संस्थानों में मिलेगा 10 प्रतिशत आरक्षण

-झारखंड कैबिनेट का फैसला
– सीओ भी जारी कर सकेंगे डोमिसाइल सर्टिफिकेट
– बाबा वैद्यनाथ संस्कृत विवि की स्थापना होगी
रांची: प्रदेश के आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग के बच्चों पर रघुवर सरकार मेहरबान हो चुकी है। कैबिनेट ने मंगलवार को इस बाबत ऐसे बच्चों को शैक्षणिक संस्थानों में 10 फीसद आरक्षण देने के प्रस्ताव पर मंजूरी दे दी। इसके अलावे इतनी ही सीटो को शैक्षिक संस्थानों में बढ़ाने का फैसला लिया गया है। यह पूर्व से एससी को 10, एसटी को 26, अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 8 और पिछड़ा वर्ग को मिलनेवाले छह फीसदी आरक्षण से अलग होगा। इस तरह आरक्षित कोटि की संख्या 60 फीसदी हो जाएगी। झारखंड मंत्रालय में हुई मंत्रिपरिषद् की बैठक में कुल 17 प्रस्तावों पर स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा अंबेडकर आवास योजना के तहत हर जिले को 250-250 अतिरिक्त आवास आवंटन का लक्ष्य रखा गया है। रांची और जमशेदपुर एरिया बोर्ड में विद्युत वितरण लाइसेंसी मॉडल के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई है। इसके अलावे अब अंचलाधिकारी (सीओ) भी स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र (डोमिसाइल सर्टिफिकेट) जारी कर सकेंगे। पहले एसडीओ के स्तर से जारी होनेवाला डोमिसाइल सर्टिफिकेट ही मान्य था, वो भी मान्य रहेगा। डोमिसाइल सर्टिफिकेट प्रमाण पत्र धारक के जीवन काल तक सभी कार्य व प्रयोजनों के लिए मान्य होगा। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा पूर्व में जारी अनुदेश में इस आशय के संशोधन पर कैबिनेट ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। अन्य महत्वपूर्ण फैसले के तहत झारखंड पदों एवं सेवाओं की रिक्तियों में आरक्षण (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों एवं पिछड़े वर्गों के लिए) अधिनियम 2001 में संशोधन के लिए विधेयक 2019 को मंजूरी दी। पूर्व में सरकार ने इस संबंध में अध्यादेश लाया था। उसे अब विधेयक का रूप दिया गया है, जिससे राज्यस्तरीय पदों पर नियुक्ति में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण जारी रखने और जिला स्तरीय पदों पर नियुक्ति के मामले में तत्काल स्थगित रखने का फैसला लिया गया था।

[URIS id=9499]

 

सरकार ने अध्यादेश के माध्यम से यह फैसला किया था कि जिलों से पिछड़े वर्गों की जनसंख्या संबंधी आंकड़ा प्राप्त हो जाने के बाद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को 10 फीसदी आरक्षण दिए जाने संबंधी अधिसूचना जारी की जाएगी।
कैबिनेट में निर्णय लिया गया कि बाबा वैद्यनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय, देवघर की स्थापना के लिए राज्य सरकार मानसून सत्र में झारखंड राज्य विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2018 लाएगी। विवि का मुख्यालय देवघर होगा। इसके अलावे राज्य के संस्कृत महाविद्यालय जो अभी विनोबा भावे विश्वविद्यालय से संबद्ध थे, अब वे बाबा वैद्यनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय से संबद्ध हो जाएंगे। संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना के पीछे सरकार ने राज्य में संस्कृत भाषा के पठन-पाठन के लिए एक समर्पित विश्वविद्यालय का गठन बताई है। इसके अलावा अकादमिक उत्कृष्टता प्रदान करनेवाली शैक्षणिक संस्थानों के संबंध में क्षेत्रीय अधिकारिता, जो विनोबा भावे विश्वविद्यालय के अंतर्गत आते थे, अब वे इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत आ जाएंगे। कैबिनेट ने जेवीएनएल में पीपीपी मॉडल द्वारा रांची व जमशेदपुर एरिया बोर्ड में विद्युत वितरण लाइसेंसी मॉडल लागू करने के लिए तथा इस कार्य के लिए ट्रांजेक्शन एडवाईजिरी की नियुक्ति की स्वीकृति दी गई।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More