Giridih News: 10वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन, के-टाइगर अकादमी ने जीता प्रथम स्थान

गिरिडीह: जिला ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में श्री श्याम भवन में आयोजित दो दिवसीय 10वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, विशिष्ट अतिथि महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रोफेसर विनीता कुमारी, गिरिडीह जिला योगासन स्पोर्ट संघ के मुख्य संरक्षक राजेश जलान, भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, मोंगिया स्कूल के निदेशक सनी शर्मा और श्री गुरुनानक विद्यालय के सचिव कुंवरजीत सिंह दुआ उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने अतिथियों को बुके एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह नगर निगम के डिप्टी मेयर सुमित कुमार तथा विशिष्ट अतिथि दिलीप रजक और मिथुन राज उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने कहा कि ताइक्वांडो आज के समय में काफी लोकप्रिय खेल है। ओलंपिक में शामिल होने के कारण इस खेल में खिलाड़ियों के लिए बेहतर भविष्य की संभावनाएं हैं। वहीं प्रोफेसर विनीता कुमारी ने कहा कि लड़कियों को ताइक्वांडो सीखना चाहिए, ताकि वे आत्मरक्षा के साथ अपने आत्मविश्वास को भी मजबूत कर सकें।
डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि ताइक्वांडो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ आत्मरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और पदक से वंचित खिलाड़ियों से और अधिक मेहनत करने की अपील की। उन्होंने ताइक्वांडो खेल और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
महासचिव अमित स्वर्णकार ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के लगभग 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टीम स्पर्धा में के-टाइगर अकादमी गिरिडीह ने 18 स्वर्ण, 3 रजत और 1 कांस्य पदक के साथ कुल 136 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द बैलेंस पाथ एकेडमी ने 4 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य पदक के साथ 53 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं सीसीएल डीएवी की टीम 6 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ 44 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रही।
अमित स्वर्णकार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अतिथियों, आर्थिक सहयोग करने वाले राहुल एजेंसी के राहुल कुमार, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, प्रोफेसर विनीता कुमारी, मोंगिया स्कूल के निदेशक सनी शर्मा, अभिभावकों, खिलाड़ियों और रेफरियों के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में कोडरमा के राजेंद्र कुमार, धनबाद की वरिष्ठ रेफरी ज्योति कुमारी, धनबाद के ओमप्रकाश चौहान, देवघर के आशुतोष राय तथा गिरिडीह की पूजा कुमारी और नयन भट्टाचार्य ने योगदान दिया।
आयोजन को सफल बनाने में गिरिडीह जिला संघ के अध्यक्ष समीर कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष मनोहर वर्मा, सचिव अमित स्वर्णकार, सह सचिव रोहित कुमार राय, शशिकांत विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष आकाश कुमार स्वर्णकार, कार्यकारी सदस्य राजकुमार साहू तथा वरिष्ठ खिलाड़ी सुजाता कुमारी, अंजुम आरा, श्वेता कुमारी, आशियाना परवीन, प्रिंस कुमार और उदय कुमार की अहम भूमिका रही।


