साहेबगंज: आपसी रंजिश में मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मखमलपुर पुल के पास स्थित चौराहे के पास आज अपराधियों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े गोली मारकर एक युवक को जान से मार डाला। फिल्मी अंदाज में अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे और वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो गये। पूरे प्रकरण को लेकर मौके पर पहुंची पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
एसडीपीओ के अनुसार ये हत्या आपसी रंजीश के कारण की गई है। मृतक हाल ही में जेल से बाहर आया था। मृतक की पहचान हाजीपुर दियारा निवासी संजय मंडल (45) के रूप में हुई है। जिस वक्त इस घटना को अंजाम दिया गया, उस समय संजय घर से बाइक पर सवार होकर न्यायालय की तारीख में जा रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने मखमलपुर पुल के पास उसे गोली मार दी। संजय ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उसके छाटे भाई कुंदन मंडल की माने तो सुबह संजय 10 बजे न्यायालय में मारपीट के एक मामले में तारीख पर जा रहा था। गाड़ी में पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही आगे बढा़ तो साहेब यादव ने रोककर उससे बात की। इसी क्रम में तीन बाइक पर सवार रंजन सिंह, दिनेश यादव, क्रांति सिंह, सुबोध मंडल, शहंशाह सिंह व सुबोध यादव ने वहां पहुँचकर पहले उसकी पिटाई की और फिर दनादन गोली चला दिया। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भागा।
एसडीपीओ ने कहा कि बाखरपुर (पीरपैंती, बिहार) के पूर्व मुखिया पर लगभग एक वर्ष पूर्व हाजीपुर में हमला हुआ था। पूर्व मुखिया को लाठी डंडों से मार कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया गया था। इस मामले में संजय मंडल अभी कुछ दिनों पहले ही साहेबगंज जेल से छूट कर बाहर आया था। पूर्व मुखिया के साथ मारपीट के बाद से दोनों गिरोह में झंझट चल रहा था। जांच के बाद ही इस पूरे प्रकरण में कुछ बात कही जा सकती है।