धनबाद: थानेदार का बॉडीगार्ड 4 हजार घूस लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा

कतरास(धनबाद): भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्यूरो यानि एसीबी की टीम ने धनबाद में शुक्रवार को कतरास थानेदार विनोद उरांव के बॉडीगार्ड सतेंद्र सिंह को 4 हजार घूस लेते रंगेहाथो दबोच लिया है। सतेंद छेड़खानी की शिकायत के एक मामले में केस को मजबूत बनाने के नाम पर पैसे ले रहा था।
घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार, छातबाद कैलुडीह खटाल निवासी रवींद्र यादव ने छेड़खानी के एक मामले में 8 मई को कतरास थाने में लिखित शिकायत दी थी। दूसरे दिन दूसरे पक्ष ने भी इस बाबत थाने में लिखित शिकायत दी। थाने में दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराएं लगाते हुए कांड दर्ज किया गया था। कांड अंकित होने के 20 दिन बाद उक्त बॉडीगार्ड रवींद्र यादव के घर जा पहुंचा व केस को मजबूत बनाने के नाम पर 6 हजार रुपये मांगा। उसने धमकाया, कि रुपये दो वरना साहब से बोलकर जेल भिजवा दूंगा। हर तीन-चार दिन में रवींद्र के घर धमक जाता था व पैसे मांगता था।
गरीबी और आर्थिक तंगी की बात कहने पर बाॅडीकार्ड ने कहा, कि 5 हजार रुपये से कम नही लेंगे। फिर गिड़गिड़ाने के बाद वह चार हजार पर राजी हो गया था। रवींद्र ने इसकी सूचना भ्रष्‍टाचार निरोधक ब्यूरो कार्यालय को दे दी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसपी द्वारा गठित टीम ने स्थानीय रेलवे माल गोदाम के पास आरोपी को रुपये लेते रंगे हाथ धर दबोचा। जानकारी के अनुसार जिस केस पर बाॅडीगार्ड पैसे मांग रहा था, वह डिस्पोजल हो चुका था। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर धनबाद ले आया है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More