शराब कारोबारी जिले के थाना प्रभारी से लेकर एसपी तक नपेंगे
फर्जी कंपनी बनानेवालों पर कार्रवाई होगी
जल्द ही दुमका- बोकारो से हवाई यात्रा
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सरकार ईमानदारी से काम करने वाले हर छोटे बड़े व्यवसायियों के साथ है, लेकिन लैपटॉप पर फर्जी कंपनी बनाकर देश को धोखा देने वालों को किसी कीमत पर नही बख्शा जाएगा। उनके विरुद्ध छापेमारी होने के साथ- साथ कठोर कानूनी कार्रवाई भी होगी। सीएम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये, कि अवैध शराब का कारोबार करने वाले को हर हाल में सलाखों के पीछे डालें। इस बाबत जिस जिले के जिस थाना क्षेत्र में अवैध शराब की भट्ठी समेत कारोबार पाया गया, तो वहां के थाना प्रभारी, डीएसपी व एसपी नपेंगे। सीएम झारखण्ड मंत्रालय में वाणिज्य- कर विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग सहित परिवहन विभाग की समीक्षा कर रहे थे।
[URIS id=9499]
सीएम दास ने कहा कि स्थिर सरकार से लोगों की आय और क्रय शक्ति बढ़ी है। गांव- गांव में वाहन बढ़े हैं और इसे देखते हुए सरकार जल्द ही ग्रामीण बस सेवा शुरू करेगी। आदिवासी व पिछड़े ग्रामीण इलाकों को विशेष ध्यान रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही राज्य के दुमका-बोकारो से हवाई यात्रा शुरू हो जाएगी। दुमका में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग सेंटर तैयार हो गया है, जल्द ही प्रशिक्षण शुरू होगा।
सीएम ने कहा कि वाणिज्य कर विभाग में निबंधन, कर भुगतान, रिटर्न्स फाइल एवं कर वापसी के लिए पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था की गई है। छोटे व्यवसायियों को राहत देते हुए कंपोजीशन स्कीम की सीमा को 1 करोड़ रुपए वार्षिक से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपए कर दिया गया है। जीएसटी के अंतर्गत निबंधन के लिए वार्षिक टर्नओवर की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख कर दी गई है। पिछले दिनों आम जनता को महंगाई से राहत के उद्देश्य से राज्य सरकार ने पहले ही पेट्रोल एवं डीजल पर प्रति लीटर 2.50 रुपए की छूट दी है। राज्य के भीतर मालों के परिवहन के लिए इ एंड वे बिल के लिए काॅनसाइमेंट वैल्यू को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया गया है।