प्रज्ञा केन्द्र संचालक पर कार्रवाई, आईडी रद्द

रांची: राजधानी के कचहरी रोड स्थित पंचवटी प्लाजा में पर वोटर कार्ड प्रिंट करने के बदले निर्धारित नियम से अधिक पैसों की मांग करने पर रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने कार्रवाई करते हुए प्रज्ञा केंद्र के संचालक जय नारायण यादव की आईडी रद्द कर दी है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक नागरिक ने इसकी शिकायत की थी। जिसमें कहा गया था, कि पंटवटी प्लाजा कचहरी रोड स्थित सीएससी केंद्र पर प्रत्येक वोटर कार्ड प्रिंट करने के 100-100 रुपये की मांग की जा रही है। जबकि सीएससी केंद्र द्वारा प्रिंट एवं मटेरियल कॉस्ट के रूप में मात्र 30 रुपये शुल्क की राशि निर्धारित है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने इस संबंध में जवाब तलब किया था। इसके अलावे संबंधित प्रज्ञा केंद्र के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था। संबंधित प्रज्ञा केंद्र के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी कर संचालक से 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया था।




