बॉक्साइट ट्रक में आगजनी मामले का उद्भेदन, एक गिरफ्तार

  • पिछले तीन सितंबर को लेवी लेने के मकसद से आगजनी की थी
अनीता अग्रवाल
लोहरदगा: पिछले तीन सितंबर को बॉक्साइट लदे ट्रक में आग लगाने के मामले का उद्भेदन करते हुए लोहरदगा पुलिस ने एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। साथ ही दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अपराधी की पहचान जिले के जोबांग थाना क्षेत्र के सेम्भुआ गांव निवासी गरीबा तूरी के पुत्र राजेंद्र तूरी के रूप में की गई है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त सैमसंग का मोबाइल फोन व सिमकार्ड बरामद किया गया है। इस संदर्भ में प्रेसवार्ता आयोजित कर एसपी प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि अपराधियों ने लेवी को लेकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने प्रारंभिक रूप से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार सिंह, किस्को थाना प्रभारी जगरनाथ उरांव के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया था।
पुलिस ने पर्चे में लिखे गए एक मोबाइल फोन की जांच को लेकर तकनीकी टीम का गठन भी किया था। तकनीकी टीम ने मोबाइल नंबर की जांच की तो सारे पत्ते खुल गए। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में जिले के जोबांग थाना क्षेत्र के सेम्भुआ गांव निवासी गरीबा तूरी के पुत्र राजेंद्र तूरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राजेंद्र ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है।
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने को लेकर 15 दिन पहले से ही प्लानिंग चल रही थी। अपराधियों ने सबसे पहले शहर से लेकर किस्को तक रेकी किया। सड़क किनारे बेचने वाले लोगों से दो बोतल में पेट्रोल लिया। बाद में मौका देखकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने कहा कि इस घटना में पीएलएफआई का कोई रोल नहीं था। फिलहाल पुलिस फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More